विजय पांडे बने हिन्दू सेवा संगठन भारत के उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष

Views


  • प्रशांत शर्मा को मिली प्रदेश प्रचारक की जिम्मेदारी
  • राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत अनिल नाथ के आदेश पर हुईं नियुक्तियां

देहरादून, ब्यूरो। हिन्दू सेवा संगठन भारत ने उत्तराखंड में अपने संगठनात्मक विस्तार को गति देते हुए प्रदेश स्तर पर दो महत्वपूर्ण नियुक्तियां की हैं। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं श्री बालाजी धाम के पीठाधीश्वर योगी महंत अनिल नाथ के आदेशानुसार विजय पांडे को उत्तराखंड का नया प्रदेश अध्यक्ष और प्रशांत शर्मा को प्रदेश प्रचारक नियुक्त किया गया है। राष्ट्रीय संगठन मंत्री चौधरी विकास पंवार ने दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए नई जिम्मेदारियां प्रदान कीं।

इस अवसर पर राष्ट्रीय संगठन मंत्री चौधरी विकास पंवार ने कहा कि संगठन को प्रदेश के प्रत्येक जिले, तहसील, ब्लॉक और गांव तक मजबूत करने के लिए विशेष विस्तार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में निष्ठावान और कर्मठ कार्यकर्ताओं को आगे लाकर सामाजिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों को नई दिशा दी जा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों पदाधिकारी पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ संगठन की नीतियों व सनातन विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएंगे।

वहीं, अपनी नियुक्ति पर नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष विजय पांडे और प्रदेश प्रचारक प्रशांत शर्मा ने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे संगठन द्वारा दी गई इस जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे और समाज में एकता, सेवा व संस्कारों को बढ़ावा देने के लिए पूरी लगन से कार्य करेंगे। इस घोषणा के बाद संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने हर्ष जताते हुए दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी है।

0/Post a Comment/Comments