शोभन सरकार आश्रम में सात दिवसीय महोत्सव का आयोजन

Views

नीरज सिंह संवाददाता:-चौडगरा फतेहपुर सतगुरु शोभन सरकार आश्रम दूधिकगार में आज से सात दिवसीय महोत्सव का आयोजन हवन-पूजन के साथ प्रारंभ होगा। वृन्दावन धाम से आए भागवत कथावाचक द्वारा श्रीमद् भागवत कथा का रसपान भक्तों को प्राप्त होगा। नवनिर्मित बैकुंठ धाम मंदिर का शुभारंभ के साथ बाला जी महाराज की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा के साथ स्थापना होगी।

बक्सर मार्ग स्थित आश्रम के व्यवस्थापक/कार्यक्रम आयोजक राजकरन सिंह चौहान ने बताया कि शोभन सरकार के शिष्य मौनी सरकार व आश्रम पुजारी धर्मेंद्र उर्फ गुड्डू के दिशानिर्देशों पर सात दिनों तक यह महोत्सव चलेगा।

उन्होंने बताया कि 18 नवंबर से 24 नवंबर 2026 तक सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक वृन्दावन धाम से पधारे भागवताचार्य आशू कृष्ण शास्त्री के मुखारविंद से श्रीमद् भागवत कथा कही जाएगी। प्रतिदिन हवन-पूजन आचार्यों द्वारा किया जाएगा।

20 से 23 नवंबर तक बटुकों का यज्ञोपवीत संस्कार राधा कुंड पर सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा। 20 नवंबर से विधिवत पूजा-पाठ कर नवनिर्मित बैकुंठ धाम मंदिर में बाला जी महाराज की प्रतिमा की स्थापना होगी, साथ ही कन्या पूजन व प्रसाद वितरण कार्यक्रम भी लगातार चलेगा।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की भव्यता को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिर को सजा दिया गया है। भक्तों के रुकने के लिए भी आश्रम में व्यवस्था की गई है। मंदिर कार्यकर्ता सज्जन सिंह, विश्व हिंदू परिषद जिला उपाध्यक्ष शैलेष सिंह, पूर्व ब्लाक प्रमुख सत्यप्रकाश उर्फ पिंटू चौहान, बीजेपी पूर्व जिला अध्यक्ष रमाकांत त्रिपाठी सहित अन्य कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारी दी गई है।

0/Post a Comment/Comments