मलवां ब्लॉक से डीपीआरओ कार्यालय तक सफाई कर्मचारियों से कराए जा रहे बाबुओं के पटल के काम, गांवों की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने का आरोप
फतेहपुर गांवों को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए शासन की ओर से स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन जनपद में सरकारी व्यवस्था की तस्वीर इससे इतर नजर आ रही है। आरोप है कि मलवां ब्लॉक से लेकर जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) कार्यालय तक बड़ी संख्या में स्वच्छता कर्मियों को कार्यालयों में अटैच कर उनसे विभागीय बाबुओं के पटल संबंधी कार्य कराए जा रहे हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि जब सफाई कर्मचारी गांवों की बजाय सरकारी कार्यालयों में बाबुओं के कामकाज में लगे रहेंगे तो ग्रामीण क्षेत्रों की स्वच्छता व्यवस्था कैसे दुरुस्त होगी?
जनपद के मलवां ब्लॉक और डीपीआरओ कार्यालय में स्वच्छता कर्मियों की तैनाती को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि ग्राम पंचायतों में तैनात सफाई कर्मचारियों से उनके मूल कार्य के बजाय कार्यालयों में व्यक्तिगत और विभागीय कार्य लिए जा रहे हैं। इतना ही नहीं, कार्यालयों में लंबे समय से जमे इन कर्मचारियों के माध्यम से महत्वपूर्ण पत्रावलियों और गोपनीय दस्तावेजों तक पहुंच होने की स्थिति भी सवालों के घेरे में है। आखिर स्वच्छता कर्मियों से उनके निर्धारित कार्य के अतिरिक्त कार्यालयी काम क्यों कराया जा रहा है?
एक तरफ गांवों में नियमित साफ-सफाई की जिम्मेदारी संभालने वाले कर्मचारियों की कमी बताई जा रही है, वहीं दूसरी तरफ कार्यालयों में उनकी तैनाती से ग्रामीण क्षेत्रों की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। यदि यही व्यवस्था जारी रही तो स्वच्छता अभियान का उद्देश्य महज कागजी कार्रवाई तक सिमट कर रह जाएगा।
सीडीओ पूनम निगम के सामने व्यवस्था सुधारने की चुनौती
जनपद में नवांग्तुक मुख्य विकास अधिकारी पूनम निगम के सामने अब इस व्यवस्था की समीक्षा कराए जाने का सवाल है। क्या ग्राम पंचायतों में तैनात सफाई कर्मचारियों को उनके मूल कार्यस्थल पर वापस भेजा जाएगा? क्या ब्लॉक से लेकर डीपीआरओ कार्यालय तक कर्मचारियों की अटैचमेंट व्यवस्था की जांच होगी? और क्या सरकारी कार्यालयों में स्वच्छता कर्मियों से बाबुओं के पटल संबंधी कार्य कराए जाने की परंपरा पर रोक लगेगी?
फिलहाल मलवां ब्लॉक और डीपीआरओ कार्यालय में स्वच्छता कर्मियों की तैनाती का मामला विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। अब देखना यह होगा कि सीडीओ पूनम निगम इस व्यवस्था की समीक्षा कर शासन की मंशा के अनुरूप ग्राम पंचायतों में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए क्या कदम उठाती हैं।
Post a Comment