दिव्यांग पेंशन में फर्जी प्रमाणपत्र का आरोप, जांच में चार लाभार्थी मिले संदिग्ध

Views
दिव्यांग पेंशन में फर्जी प्रमाणपत्र का आरोप, जांच में चार लाभार्थी मिले संदिग्ध
दिव्यांग प्रमाणपत्र निरस्त होने के बाद सरकारी धन की वसूली और कार्रवाई की मांग, अधिकारियों ने जांच के आधार पर नोटिस जारी किया
फतेहपुर। दिव्यांग पेंशन योजना में कथित फर्जी दस्तावेजों के आधार पर लाभ लेने का मामला सामने आया है। रामपुर थरियाव निवासी कुछ लोगों के खिलाफ शिकायत के बाद हुई जांच में दिव्यांग प्रमाणपत्रों और पेंशन लाभ को लेकर गंभीर अनियमितताएं सामने आने का दावा किया गया है। मामले में संबंधित विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता राकेश कुमार व रामू ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थनापत्र में आरोप लगाया कि रामपुर थरियाव निवासी सुमित सिंह समेत कुछ लोगों ने अधिकारियों से सांठगांठ कर कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से जाति एवं दिव्यांग प्रमाणपत्र तैयार कराए और दिव्यांग पेंशन का लाभ लेते रहे। शिकायत में खाते में प्राप्त सरकारी धन की जांच कर उसकी वसूली तथा दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।
मामले में खंड विकास अधिकारी, हसवां की ओर से जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी को भेजी गई जांच आख्या में बताया गया कि शिकायत के आधार पर आठ मई 2025 को स्थलीय सत्यापन कराया गया। जांच के दौरान चार लाभार्थियों के विरुद्ध शिकायत का उल्लेख था, जिनमें से तीन मौके पर उपस्थित मिले। संबंधित लाभार्थियों को नौ मई को मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में मेडिकल जांच के लिए उपस्थित होने को कहा गया था।
विभागीय पत्र के अनुसार, संबंधित दिव्यांग प्रमाणपत्रों की जांच के बाद प्रमाणपत्र निरस्त किए जा चुके हैं। पत्र में यह भी उल्लेख है कि कुछ लाभार्थियों द्वारा मेडिकल बोर्ड के समक्ष उपस्थित होकर अपना पक्ष नहीं रखा गया। विभाग ने संबंधितों को पेंशन के रूप में प्राप्त धनराशि वापस करने के निर्देश दिए हैं।
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने मामले की जानकारी जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी को भी भेजी है। प्रकरण में सरकारी धन की वसूली और आगे की कार्रवाई अब विभागीय स्तर पर की जानी है।

0/Post a Comment/Comments