फतेहपुर। भारतीय किसान यूनियन भूमिपुत्र के जिला अध्यक्ष पवन कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी फतेहपुर को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़ी कई प्रमुख मांगों को उठाते हुए शीघ्र समाधान की मांग की गई।ज्ञापन में कहा गया कि धान की फसल की बुवाई का समय चल रहा है, ऐसे में किसानों को पर्याप्त बिजली की आवश्यकता है। संगठन ने पुरानी विद्युत व्यवस्था को पुनः लागू करने तथा रात में भी निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।इसके साथ ही किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं होने का मुद्दा भी उठाया गया और खाद वितरण व्यवस्था को सुधारने की मांग की गई। फतेहपुर दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के चौडगरा दुग्ध अवशीतन केंद्र को दोबारा चालू कराने की भी मांग की गई।ज्ञापन में औरई गांव के निर्मल नगर मोहल्ले से घोसीपुरा मार्ग तक जल निकासी की समस्या दूर करने के लिए सड़क के दोनों ओर नाला निर्माण कराने की मांग रखी गई। वहीं बहरामपुर–सातों–नरैनी मार्ग की खराब स्थिति को देखते हुए जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की गई।संगठन ने जल जीवन मिशन के तहत औरई गांव में बन रही पानी की टंकी के निर्माण में घटिया सामग्री के प्रयोग की जांच कराने की भी मांग उठाई। इसके अलावा धाता विकासखंड के जहांगीर नगर गांव के पास स्थित नहर पुलिया के चौड़ीकरण तथा पशु चिकित्सालय में पेयजल व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की गई।भारतीय किसान यूनियन भूमिपुत्र ने प्रशासन से किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान करने की अपील की है।
भारतीय किसान यूनियन भूमिपुत्र ने किसानों की समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
Views
Post a Comment