ओडिशा के प्रसिद्ध न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. सूर्यप्रकाश ने फतेहपुर में लगाया निशुल्क स्वास्थ्य शिविर

Views

फतेहपुर। चिकित्सा जगत में अपनी  पहचान बना चुके ओडिशा के सुप्रसिद्ध न्यूरोलॉजिस्ट प्रोफेसर डॉ. सूर्यप्रकाश ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए जिले के बिंदकी तहसील के विभिन्न गांवों में निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया। लखनऊ के एसजीपीजीआई में आयोजित तीन दिवसीय न्यूरोलॉजी के राष्ट्रीय सम्मेलन में शिरकत करने आए डॉ. सूर्यप्रकाश ने अपने व्यस्त समय से वक्त निकालकर ग्रामीण मरीजों की सेवा करने का निर्णय लिया।
बिंदकी तहसील के गांवों में आयोजित इस कैंप के माध्यम से लगभग 50-60 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। डॉ. सूर्यप्रकाश ने न केवल मरीजों की गंभीर न्यूरोलॉजिकल समस्याओं को सुना, बल्कि उन्हें निशुल्क दवाइयां भी वितरित कीं। इस सेवा कार्य में 'अपना दल एस के चिकित्सा मंच के जिला उपाध्यक्ष आदित्य तिवारी भी सक्रिय रूप से मौजूद रहे। डॉ. सूर्यप्रकाश का उत्तर प्रदेश से गहरा नाता रहा है। वर्ष 2017 में उन्होंने एसजीपीजीआई लखनऊ से अपनी डीएम (DM) की पढ़ाई पूरी की थी। उस दौरान अपने उत्कृष्ट उपचार और सौम्य व्यवहार के कारण वह पूरे प्रदेश में काफी लोकप्रिय हुए थे। उनकी प्रतिभा को देखते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और तत्कालीन राज्यपाल राम नाईक ने उन्हें गोल्ड मेडल और यूपी के सर्वश्रेष्ठ न्यूरोलॉजिस्ट के अवार्ड से सम्मानित किया था। पीजीआई से पास आउट होने के बाद उन्होंने यूके, यूएसए और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों से अंतरराष्ट्रीय फेलोशिप हासिल की। वर्तमान में वह ओडिशा के भुवनेश्वर स्थित एक प्रतिष्ठित मेडिकल कॉलेज में प्रोफेसर के रूप में सेवाएं दे रहे हैं।
एसजीपीजीआई में प्रोफेसर पद की उठी मांग
शिविर के दौरान स्थानीय लोगों और आदित्य तिवारी ने डॉ. सूर्यप्रकाश की सेवाओं की सराहना करते हुए मंत्री जी से अनुरोध किया है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए डॉ. सूर्यप्रकाश को लखनऊ पीजीआई में प्रोफेसर के पद पर नियुक्ति मिलनी चाहिए। क्षेत्रवासियों का मानना है कि उनके जैसे अनुभवी और सेवाभावी डॉक्टर के उत्तर प्रदेश वापस आने से यहां के मरीजों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का उपचार सुलभ हो सकेगा।

0/Post a Comment/Comments