फतेहपुर के 200वें स्थापना दिवस पर युवा विकास समिति ने उठाई सर्वांगीण विकास की मांग, जनप्रतिनिधियों को सौंपा मांग पत्र

Views

फतेहपुर। जनपद फतेहपुर के 200वें स्थापना दिवस के ऐतिहासिक अवसर पर युवा विकास समिति (उ.प्र.) ने जिले के सर्वांगीण विकास, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर आवाज बुलंद की है। समिति की ओर से जनपद के सांसद व सभी विधायकों को संबोधित एक छह सूत्रीय मांग पत्र प्रेषित कर शासन स्तर पर प्रभावी पहल करने की अपील की गई है।
समिति के प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेंद्र मिश्रा एवं क्षेत्रीय प्रमुख संजय दत्त ने कहा कि 200 वर्षों की ऐतिहासिक विरासत संजोए इस जनपद में अपार संभावनाएं हैं, लेकिन रोजगार, उच्च शिक्षा, बेहतर चिकित्सा और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में अभी ठोस कदम उठाए जाने बाकी हैं।
मांग पत्र के प्रमुख बिंदु:
 * रोजगार एवं बड़े औद्योगिक प्रोजेक्ट: युवाओं के पलायन को रोकने के लिए जिले में मेगा फूड पार्क, रेलवे पार्क या औद्योगिक कॉरिडोर की स्थापना की जाए ताकि स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजित हो सके।
 * यमुना कटरी क्षेत्र के लिए विशेष बजट: पिछड़े यमुना कटरी क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सिंचाई और पुल-पुलिया निर्माण हेतु विशेष बजट स्वीकृत कराया जाए।
 * राजकीय विश्वविद्यालय की स्थापना: ग्रामीण व स्थानीय छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए जनपद में सरकारी विश्वविद्यालय की स्थापना हो।
 * मेडिकल कॉलेज में आधुनिक सुविधाएं: स्थानीय मेडिकल कॉलेज को विशेषज्ञ चिकित्सकों, आधुनिक जांच मशीनों, आईसीयू और ट्रॉमा सेंटर से सुसज्जित किया जाए ताकि मरीजों को रेफर न होना पड़े।
 * रायबरेली-बांदा रेलवे लाइन का विस्तार: इस रेलमार्ग के दोहरीकरण एवं विद्युतीकरण के साथ यात्री व माल परिवहन की सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाए।
 * धार्मिक व पर्यटन स्थलों का विकास: भिटौरा (भृगु आश्रम) के गंगा घाटों का सौंदर्यीकरण, 1857 की क्रांति के प्रतीक बावनी इमली शहीद स्मारक का संरक्षण तथा हथगाम एवं मूंजवेरा के ऐतिहासिक क्षेत्रों को पर्यटन मानचित्र पर स्थापित किया जाए।
समिति ने दोहराया कि उनका संकल्प किसी एक वर्ग या क्षेत्र का नहीं, बल्कि संपूर्ण जनपद का संतुलित और सतत विकास करना है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से इन मांगों को केंद्र व राज्य सरकार के समक्ष मजबूती से रखकर क्रियान्वित कराने का आग्रह किया है।

0/Post a Comment/Comments