जहानाबाद/फतेहपुर। कस्बे के वार्ड नंबर-15 लाला गली निवासी मो. इसराइल ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर प्लाट पर जबरन कब्जे के प्रयास का आरोप लगाया है। पीड़ित का आरोप है कि हथियारों से लैस होकर पहुंचे लोगों ने जेसीबी से उसके प्लाट की पक्की फर्श तोड़कर पिलर खोदने शुरू कर दिए। विरोध करने पर गाली-गलौज और धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। डीएम को दिए शिकायती पत्र में मो. इसराइल ने बताया कि उसका मकान करीब 40 वर्षों से स्थित है और उसके सामने 20×50 फुट का प्लाट है। उसके अनुसार उक्त प्लाट पर उसके पिता के समय से ही उनका कब्जा चला आ रहा है। प्लाट में सीमेंट की पक्की फर्श और चारों तरफ करीब आठ फुट ऊंची पक्की दीवारें बनी हैं। पीड़ित के मुताबिक वह परिसर में छप्पर डालकर घरेलू उपयोग करने के साथ बकरियां बांधता है और ई-रिक्शा खड़ा करने के अलावा लकड़ी व कंडा भी रखता है। शिकायती पत्र के अनुसार 18 जुलाई 2026 को दोपहर करीब दो बजे मोहल्ला चंदा गली निवासी मो. सफी, इदरीश, रईस, नफीस, शहनवाज, मोहसिन, आरिफ उर्फ राका, साजिद, राशिद और परवेज उर्फ मोनू समेत कई लोग दो वाहनों से पहुंचे। पीड़ित का आरोप है कि इनके साथ कारीगर, मजदूर और जेसीबी मशीन भी थी। आरोप है कि लोग उसके प्लाट के अंदर घुस गए और जेसीबी से पक्की फर्श तोड़कर पिलर खोदने लगे। मो. इसराइल के मुताबिक उसने इसका विरोध किया तो आरोपितों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए जमीन पर कब्जा करने की धमकी दी। शोर सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपित यह कहते हुए वहां से चले गए कि दो-चार दिन में दोबारा आकर जमीन पर कब्जा कर लेंगे। पीड़ित का आरोप है कि 20 जुलाई को सुबह करीब आठ बजे उक्त लोग फिर उसके प्लाट पर पहुंचे और कब्जे का प्रयास करने लगे। मोहल्ले के लोगों के पहुंचने पर वे दोबारा वापस चले गए। इस संबंध में उसने जहानाबाद थाने में लिखित शिकायत भी दी, लेकिन कार्रवाई न होने का आरोप लगाया है। मो. इसराइल ने जिलाधिकारी से मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, उसकी भूमि पर जबरन कब्जा रोकने तथा शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपितों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
जेसीबी से प्लाट की फर्श तोड़कर कब्जे का आरोप
Views
Post a Comment