मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन (भूमि पुत्र) के पश्चिमी प्रदेश अध्यक्ष राकेश वालिया के कार्यालय पर संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में युवाओं की बड़ी संख्या में भागीदारी देखने को मिली, जहां संगठन के प्रति कार्यकर्ताओं का भारी उत्साह नजर आया।
कार्यक्रम के दौरान जिलाध्यक्ष पंकज सहरावत ने युवाओं को संगठन में विभिन्न पदों पर नियुक्ति पत्र सौंपे। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठन की मजबूती युवाओं के कंधों पर टिकी है। उनसे उम्मीद की गई कि वे किसान, मजदूर और आम जनता के हक की लड़ाई को पूरी ईमानदारी से लड़ेंगे तथा जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे।
बैठक में वक्ताओं ने संगठन के विस्तार, ग्रामीण स्तर पर युवाओं की सक्रियता बढ़ाने और किसान हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने पर बल दिया। नई जिम्मेदारी मिलने पर युवाओं ने संगठन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और किसानों के अधिकारों के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया। अंत में 'किसान एकता जिंदाबाद' और 'जय जवान, जय किसान' के नारों के साथ बैठक का समापन हुआ।
Post a Comment