फतेहपुर सविता महासभा उत्तर प्रदेश द्वार स्वामी आत्मानंद विद्यालय, खुशवक्त राय नगर (फतेहपुर) में महर्षि सविता ऋषि का आविर्भाव दिवस "ऋषि पंचमी पर्व" संगठन के स्थापना दिवस के रूप में अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर गायत्री महायज्ञ एवं परिवार मिलन गोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ गायत्री महायज्ञ के साथ हुआ, जिसका कुशल संचालन शांतिकुंज हरिद्वार (गायत्री परिवार) के आचार्य राजाराम प्रजापति द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कराया गया। महायज्ञ में मुख्य यजमान के रूप में विमल सविता, ब्रजेश सेन, कपूर सविता एवं विजय सविता ने पूर्ण आहुति प्रदान कर विश्व कल्याण एवं सामाजिक समरसता की कामना की।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने सनातन परंपरा में षोडश (सोलह) संस्कारों के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। संगठन मंत्री ने अपने ओजस्वी विचार व्यक्त करते हुए कहा कि, "महर्षि सविता ऋषि द्वारा प्रेषित षोडश संस्कार मानव में मानवीय और देवत्व गुणों के विकास हेतु चेतना के प्रशिक्षण की वैज्ञानिक विधा हैं। राष्ट्रीय चेतना के उत्थान के लिए समाज में संस्कारों की पुनर्स्थापना परम आवश्यक है, क्योंकि संस्कार विहीन समाज देश के पतन का कारण बनता है।"
उन्होंने आगे कहा कि महर्षि सविता ऋषि सामवेद के रचयिता हैं। उनके द्वारा सूर्य उपासना का जो महामंत्र प्रदान किया गया, उसे उनकी पुत्री गायत्री के नाम पर 'गायत्री मंत्र' के रूप में जाना गया, जो संपूर्ण मानवता के लिए सनातन का अनुपम वरदान है। गायत्री मंत्र की साधना से व्यक्तित्व का संतुलित विकास होता है तथा दया, करुणा व सद्मार्ग की प्रेरणा मिलती है।
वक्ताओं ने ऐतिहासिक एवं वैदिक प्रमाणों का उल्लेख करते हुए बताया कि महर्षि सविता ऋषि क्षौर कर्म के आदि प्रवर्तक हैं। अथर्ववेद के कांड 6 सूक्त 68 ('वपन सूक्त') में इसका स्पष्ट विवरण मिलता है, जहाँ उन्होंने राजा सोम का प्रथम मुंडन संस्कार संपन्न कराया था। अथर्ववेद में उन्हें "सविता संस्कार कारक पुरुष: पुरोहित" की संज्ञा दी गई है। उन्होंने समाज से आह्वान किया कि हमें महर्षि सविता ऋषि के वंशज होने पर गर्व होना चाहिए और अपनी गौरवशाली विरासत से जुड़कर समाज को शिक्षित, संस्कारित व संगठित करने में सक्रिय योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित रहे:
इस भव्य आयोजन में बुधराज धाकड़ी (प्रदेश उपाध्यक्ष), काली चरण सविता (संरक्षक), राम शंकर सविता (जिला अध्यक्ष), ब्रजेश सेन (जिला मंत्री), विमल कुमार (जिला संगठन मंत्री), सन्त राम फ़ौजी (जिला प्रभारी), कपूरे सविता (जिला कोषाध्यक्ष), छोटकू सविता (मीडिया प्रभारी), राजेश सविता, विजय कुमार सविता सहित समाज के सैकड़ों गणमान्य नागरिक, मातृशक्ति एवं युवा उपस्थित रहे।
Post a Comment