खखरेरू, (फतेहपुर) नगर पंचायत खखरेरू के रामनगर वार्ड नंबर 12 में बीती रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक ही बेड पर सो रहे पिता-पुत्र को जहरीले सांप ने काट लिया। दोनों को परिजनों द्वारा तत्काल जिला अस्पताल फतेहपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुनील कुमार तिवारी पुत्र विद्याधर, उम्र करीब 35 वर्ष और उनके 10 वर्षीय पुत्र अंकुश तिवारी बीती रात एक ही बेड पर सो रहे थे। रात करीब 3 बजे छत से एक सांप अचानक बेड पर गिर गया। सांप ने पहले अंकुश के हाथ में काटा और इसके बाद सुनील कुमार तिवारी को भी डस लिया। घटना के बाद सांप बिस्तर में ही घुस गया।
सांप के काटने की जानकारी होते ही परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। परिजन दोनों को तत्काल निजी साधन से जिला अस्पताल फतेहपुर लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि सुनील कुमार तिवारी की हालत में अब सुधार हो रहा है, जबकि उनके 10 वर्षीय पुत्र अंकुश तिवारी की हालत गंभीर बनी हुई है। गंभीर स्थिति को देखते हुए अंकुश को मेडिकल कॉलेज के आईसीयू में भर्ती किया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
Post a Comment