फतेहपुर भारतीय किसान यूनियन (भूमि पुत्र) के राष्ट्रीय सचिव पवन द्विवेदी को आज पुलिस प्रशासन द्वारा उनके साथियों सहित असनी चौकी क्षेत्र में हाउस अरेस्ट कर लिया गया। पवन द्विवेदी फतेहपुर जिले के 21 सदस्यीय किसान प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई करते हुए 22 जुलाई को दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय किसान धरने में शामिल होने जा रहे थे।
यात्रा की शुरुआत में ही असनी चौकी प्रभारी अनीस शुक्ल ने भारी पुलिस बल के साथ उन्हें रोक लिया और आगे बढ़ने से मना कर दिया। विरोध करने पर पुलिस प्रशासन ने तानाशाही रवैया अपनाते हुए राष्ट्रीय सचिव पवन द्विवेदी को उनके आवास पर ही नज़रबंद (हाउस अरेस्ट) कर दिया, जिससे फतेहपुर की टीम दिल्ली के शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल न हो सके।
किसानों की आवाज़ दबाने का प्रयास: पवन द्विवेदी
घटना पर कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए राष्ट्रीय सचिव पवन द्विवेदी ने कहा:
"किसानों की जायज़ मांगों के लिए दिल्ली में हो रहा आंदोलन पूरी तरह से लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण है। पुलिस द्वारा असनी चौकी पर हमें रोकना और असंवैधानिक रूप से हाउस अरेस्ट करना किसानों के अधिकारों पर सीधा हमला है। प्रशासन चाहे जितनी रुकावटें खड़ी कर ले, भारतीय किसान यूनियन भूमि पुत्र किसानों, मजदूरों और भूमिपुत्रों के हक की लड़ाई से पीछे नहीं हटेगी।"
संगठन में भारी रोष
पुलिस की इस कार्रवाई से भारतीय किसान यूनियन भूमि पुत्र के पदाधिकारियों और स्थानीय कार्यकर्ताओं में गहरा असंतोष और आक्रोश व्याप्त है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि किसानों का उत्पीड़न और इस तरह की दमनकारी नीतियां तुरंत बंद नहीं की गईं, तो फतेहपुर प्रशासन के खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा।
Post a Comment