शिक्षा मित्र सम्मान समारोह कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद में स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल प्रेक्षागृह फतेहपुर में देखा गया

Views

 फतेहपुर में जनपद गोरखपुर से आयोजित शिक्षा मित्र सम्मान समारोह कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद में स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल प्रेक्षागृह फतेहपुर में देखा एवं सुना गया। इस अवसर पर मा० जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अभय प्रताप सिंह, मा० विधायक खागा श्रीमती कृष्णा पासवान, मा० विधायक जहानाबाद श्री राजेंद्र सिंह पटेल, मा० विधायक बिन्दकी श्री जय कुमार जैकी, मा० जिलाध्यक्ष भाजपा श्री अन्नू श्रीवास्तव, जिलाधिकारी श्रीमती निधि गुप्ता वत्स तथा मुख्य विकास अधिकारी श्री पवन कुमार मीना सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मा० मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार श्री योगी आदित्यनाथ के प्रेरणादायक एवं गौरवपूर्ण उद्बोधन का सभी ने श्रवण कर उसे आत्मसात किय।
जनपद स्तर पर सरदार वल्लभभाई पटेल प्रेक्षागृह फतेहपुर में  शिक्षकों द्वारा विकास खंडवार लगाई गई प्रदर्शनी का शुभारंभ मा० जनप्रतिनिधियों एवं जिलाधिकारी द्वारा फीता काट कर एवं कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर  किया गया।
प्रदर्शनी में शिक्षकों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न शैक्षिक किट प्रदर्शित किए गए, जो बच्चों को सरल एवं प्रभावी तरीके से शिक्षा प्रदान करने में सहायक हैं। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर शिक्षकों के नवाचारों की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया, जिसकी सभी उपस्थित जनों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की।
इस अवसर पर जनपद में  2469 शिक्षा मित्र कार्यरत है। शिक्षा मित्रों को प्रतीकात्मक चेक एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले  शिक्षा मित्रो को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मा० जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अभय प्रताप सिंह ने शिक्षा मित्रो को हार्दिक बधाई देते  हुए कहा कि शिक्षा मित्रों का बढ़ा हुआ मानदेय स्वागत योग्य है। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज की नींव तैयार करते हैं और बेसिक शिक्षा विभाग बच्चों की बुनियाद को मजबूत करता है, जिससे विकसित भारत की परिकल्पना साकार होगी। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे निरंतर सुधारों का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा मित्रों का इसमें महत्वपूर्ण योगदान है, जो ग्रामीण परिवेश में रहकर बच्चों के जीवन को बेहतर बनाने का कार्य कर रहे हैं।
 मा० विधायक खागा, मा० विधायक बिन्दकी, मा० विधायक जहानाबाद एवं भाजपा जिलाध्यक्ष  ने  सयुंक्त रूप  से शिक्षा मित्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा सभी वर्गों के हित में कार्य किया जा रहा है और शिक्षा मित्रों के मानदेय में वृद्धि इसका उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि शिक्षक ही नई पीढ़ी को सशक्त बनाने का कार्य करते हैं और शिक्षा के माध्यम से बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करते हैं। शिक्षा मित्रों के लंबे संघर्ष की सराहना करते हुए उन्होंने बताया कि वर्ष 1999 में प्रारंभ हुई इस व्यवस्था में पहले मानदेय ₹3500 था, जो बढ़कर ₹10,000 हुआ और वर्तमान में ₹18,000 तक पहुंच गया है।
उन्होंने कहा कि -जैसे देश एवं प्रदेश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, शिक्षा मित्रों के मानदेय में भी वृद्धि की संभावनाएं बढ़ेंगी। साथ ही प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने का आह्वान किया गया।
   जिलाधिकारी महोदया ने शिक्षक एवं शिक्षा मित्र सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा मित्र का आशय ऐसे मार्गदर्शक से है, जो बच्चों को सरल, सहज एवं प्रभावी ढंग से शिक्षा  मित्र के रूप प्रदान करते है। उन्होंने कहा कि शिक्षा मित्र बच्चों के बौद्धिक विकास के साथ उनके व्यक्तित्व निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि बेसिक शिक्षा विभाग में मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ किया गया है, जिससे बच्चों के समग्र विकास के लिए अनुकूल वातावरण तैयार हुआ है। बच्चों के मस्तिष्क में विकास का जो बीज रोपा जाता है, उसे सशक्त बनाने का कार्य केवल शिक्षक ही कर सकते हैं, इसलिए शिक्षा का महत्व अत्यंत व्यापक और महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है, जिसके द्वारा किसी भी परिवार के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा मित्रों का मानदेय बढ़ने के साथ उनकी जिम्मेदारियां भी बढ़ी हैं।
उन्होंने शिक्षा मित्रों से अपेक्षा की कि वे बच्चों को शैक्षिक ज्ञान के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, संस्कारों, स्वच्छता, बढ़ते अपराधों के प्रति जागरूकता, जेंडर समानता एवं महिलाओं के प्रति सम्मान की भावना भी विकसित करें। साथ ही बच्चों को बुरी आदतों से दूर रहने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि शिक्षा मित्र पूरी ऊर्जा, समर्पण एवं प्रेरणा के साथ बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करें, जिससे समाज एवं राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण हो सके।
बेसिक शिक्षा अधिकारी ने उपस्थित अतिथियों के प्रति धन्यवाद एवं आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यक्रम के दौरान प्राप्त सुझावों एवं निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।
इस अवसर पर परियोजना निदेशक डीआरडीए, बेसिक शिक्षा अधिकारी, खण्ड शिक्षा अधिकारीगण, मा० जनप्रतिनिधि, शिक्षा मित्र सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

0/Post a Comment/Comments