फतेहपुर। जनपद में हाल ही में हुई बेमौसम बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। गेहूं सहित अन्य रबी फसलों को भारी नुकसान पहुंचने से किसान आर्थिक संकट में घिर गए हैं। इसी को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भूमिपुत्र) के जिला अध्यक्ष पवन कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि असमय वर्षा के कारण जहां खेतों में खड़ी गेहूं की फसल बर्बाद हो गई, वहीं गंगा नदी में अचानक आई बाढ़ से कटरी क्षेत्र की कद्दू, खीरा, तरबूज, ककड़ी और लौकी जैसी फसलें पानी में डूब गईं। इससे किसानों के सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है और कई किसान कर्ज के बोझ तले दब गए हैं।किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष ने मांग की कि प्रभावित क्षेत्रों का शीघ्र सर्वे कराकर वास्तविक नुकसान का आकलन किया जाए और किसानों को तत्काल उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही फसल बीमा योजना के तहत लंबित दावों का जल्द निस्तारण भी सुनिश्चित किया जाए।किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो संगठन को मजबूर होकर व्यापक आंदोलन करना पड़ेगा।
इस दौरान धनंजय पटेल (कोषाध्यक्ष), लालता प्रसाद दुबे (जिला उपाध्यक्ष), प्रेम सागर मिश्र (युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष), दिलीप कुमार (वरिष्ठ महासचिव), राजाराम, कल्लू, अजीत तिवारी (संगठन मंत्री), अनिल कुमार (संगठन मंत्री), विपिन कुमार साहू (जिला मंत्री), नितेश कुमार (जिला महासचिव) सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
Post a Comment